गर्मियों की छुट्टियों में
गांव आए शहराती बच्चे ने
रिश्ते के दादा को
जब अंकल कहा तो
वह जैसे उखड़ गए
और भाषा के इस खालीपन पर
प्रतिप्रश्न-सा करते हुए
बच्चे से इसका अर्थ पूछ बैठे
बच्चा जो बेहद होशियार था
मासूमियत-से बोला
‘जिसे हम जानते नहीं उसे अंकल कहते हैं’
गांव के बुजूर्ग ने अपनी शंका की पुष्टि कर ली
बच्चे ने बिना कोई रिश्ता जोड़े
उसे अंकल कहा था
अब प्रश्न केवल भाषा का नहीं रह गया था
उसमें और भी कुछ अनुपस्थित था
बुजुर्ग ने कसम खाई
आज के बाद वह हर किसी को बेटा नहीं कहेगा
बुजुर्ग के साथ-साथ
यह भाषा के लिए भी एक चुनौती थी.
nice 1 sir
ReplyDeleteTanvi